बिहार में गंगा में समाया विक्रमशिला सेतु का 133 नंबर पिलर, टूट गया राजधानी से उत्तर बिहार का संपर्क, नाव ही सहारा, वाहनों की आवाजाही पर रोक

भागलपुर में कोसी और सीमांचल को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु के 133 नंबर पिलर का स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया।

बिहार में गंगा में समाया विक्रमशिला सेतु का 133 नंबर पिलर, टूट गया राजधानी से उत्तर बिहार का संपर्क,  नाव ही सहारा,  वाहनों की आवाजाही पर रोक
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहार के भागलपुर में कोसी और सीमांचल को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु के 133 नंबर पिलर का स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया। गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का 133 नंबर पिलर रविवार देर रात पहले बैठा और फिर ध्वस्त होकर गंगा में समा गया। घटना रव‍िवार रात 11:55 बजे पिलर के बैठने से शुरू हुई और रात 1:07 बजे उसके पूरी तरह गिरने के साथ स्थिति गंभीर हो गई। इससे पुल पर से आवागमन ठप हो गया। भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और पुलिस बल के साथ प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

रेंज आईजी विवेक कुमार ने एसएसपी प्रमोद कुमार यादव और नवगछिया एसपी राजेश कुमार को तत्काल ट्रैफिक रोकने का निर्देश दिया।भारी वाहनों को घोघा, सबौर, जगदीशपुर और केजरेली में ही रोक दिया गया, ताकि शहर के अंदर यातायात पूरी तरह ठप न हो। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, जिला पदाधिकारी डॉ नवल क‍िशोर चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुल को पूरी तरह खाली कराकर सील कर दिया गया है।

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि, ''अब लोगों को वैकल्पिक मार्ग मुंगेर, सुल्तानगंज होते हुए जाना होगा। उन्होंने कहा कि, जिला प्रशासन की सतर्कता से तुंरत कार्यवाही हुई और कहीं कोई हानि नहीं हुई है। पुल का एक स्लैब टूटकर गिरा है। हमारे सारे थानाध्यक्ष और प्रशासन के सभी अधिकारी इसमें ऑन रोड हैं। सभी गाड़ियों को सुल्तानगंज होते हुए डायवर्ट कर दिया गया है। मुंगेर के रास्ते से भी सब लोग जा सकते हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

पुल निर्माण से जुड़े इंजीनियरों के अनुसार लगभग 33 मीटर हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इस क्षति के कारण पुल को फिलहाल दुरुस्त करना बेहद चुनौतीपूर्ण है। अधिकारियों का कहना है कि इसे ठीक करने में कम से कम 15 से 20 दिन का समय लग सकता है, जिसके बाद ही यातायात बहाल किया जा सकेगा।

विक्रमशिला सेतु भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। इसे बिहार की लाइफलाइन माना जाता है। इस पुल के प्रभावित होने से दोनों इलाकों के बीच संपर्क लगभग बाधित हो गया है। रोजाना एक लाख से अधिक लोग इस पुल से गुजरते हैं, जिससे अब आवागमन पर बड़ा असर पड़ा है।

विक्रमशिला सेतु का उद्घाटन वर्ष 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने किया था। इस पुल की कुल लंबाई करीब 4.7 किलोमीटर है। यह पुल भागलपुर को कोसी-सीमांचल सहित राज्य के कई हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिसकी अहमियत अब और स्पष्ट हो गई है।